ऐसे पूरी हुई PM मोदी की ताबड़तोड़ विदेश यात्रा |
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को सुबह दिल्ली लौटने के साथ ही किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ओर से अमेरिका सहित दूसरे देशों की सबसे व्यस्त और तेज यात्रा पूरी हो गयी । व्यस्त शेड्यूल में प्रधानमंत्री मोदी ने तीन देशों के साथ अच्छा-खासा समय बिताया। पीएम के भारत से जाने व लौटने के बीच का हिसाब-किताब बेहद दिलचस्प रहा।
यह यात्रा 95 घंटों से कुछ अधिक की थी। मोदी ने इसका एक-तिहाई से अधिक समय (33 घंटे) अपने एयर इंडिया बोइंग में उड़ान के दौरान ही बिताया। बाकी के समय में मोदी ने अमेरिका, पुर्तगाल और नीदरलैंड में एक के बाद एक 33 कार्यक्रमों और मीटिंग में हिस्सा लिया।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने चार रातों में से दो राते विमान में उड़ान भरते ही बिताई गई हैं। पुर्तगाल और नीदरलैंड में भारतीय प्रधानमंत्री ने रात नहीं गुजारी। अब प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं के लिए यह एक अघोषित नियम जैसा बन गया है कि अगर किसी देश में अगले दिन के लिए कोई कार्यक्रम निर्धारित नहीं है तो रात का इस्तेमाल अगले ठिकाने के लिए उड़ान भरने में किया जाए। मोदी ने इस यात्रा के दौरान लिस्बन से वॉशिंगटन और वहां से हेग और भारत की उड़ान में इसी का पालन किया।
मोदी ने 24 जून को दिल्ली से सुबह 7 बजे लिस्बन की 10 घंटे की उड़ान शुरू की थी। प्रधानमंत्री वहां दिन के दौरान होटल में नहीं रुके और उन्होंने लिस्बन एयरपोर्ट के वीवीआईपी लाउंज में एक ब्रीफिंग के बाद सीधे पुर्तगाल की फॉरेन मिनिस्ट्री का रुख किया। वहीं मीटिंग और लंच के बाद उन्होंने चैम्पालिमॉड फाउंडेशन जाकर भारतीय समुदाय के साथ मुलाकात की और फिर स्थानीय समय के अनुसार शाम 6 बजे वॉशिंगटन के लिए उड़ान भरने लिस्बन एयरपोर्ट पहुंच गए।
लगभग आठ घंटे की उड़ान के बाद वह वॉशिंगटन पहुंचे। इसके बाद लगभग 50 सदस्यों वाले भारतीय प्रतिनिधिमंडल को विलार्ड कॉन्टिनेंटल होटल में ठहराया गया। अमेरिका में अगले दो दिनों के दौरान प्रधानमंत्री को अमेरिकी सीईओ के साथ मीटिंग और व्हाइट हाउस में कार्यक्रमों सहित 17 कार्यक्रमों में शामिल होना था। उन्होंने वॉशिंगटन में दूसरी रात नहीं बिताई और वॉशिंगटन के समय के अनुसार रात 9 बजे नीदरलैंड के लिए रवाना हो गए।
मोदी को नीदरलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करने सहित 7 कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था। वह नीदरलैंड के समय के अनुसार शाम को 7 बजे दिल्ली की उड़ान के लिए एयरपोर्ट पहुंच गए। मोदी बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचें ।
समाचार श्रोत NBT

